बाघों की अठखेलियां सोशल मीडिया में जमकर हो रही वायरल

सीधी जबलपुर दर्पण । संजय टाइगर रिजर्व सीधी क्षेत्र में मौसम का लुत्फ उठा रहे बाघों की अठखेलियां सामने आई है। यह नजारा कैमरे में कैद होने के बाद अब सोशल मीडिया में भी वायरल हो रहा है। दरअसल उमस भरी गर्मी से बचने के लिए बाघ नदी में डुबकी भी लगा रहे हैं। बाघ टी-40 के नदी में डुबकी लगाने का वीडियो वायरल हो रहा है। सोशल मीडिया में नदी में डुबकी लगाते बाघ के वीडियो को देखकर लोगों में भी रोमांच है और अपनी प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। वहीं कुछ बाघ हरे भरे जंगल में स्वच्छंद विचरण करते हुए अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं। उधर विभागीय कर्मचारियों का कहना है कि संजय टाईगर रिजर्व के दुबरी एवं आसपास के जंगल में बाघ स्वच्छंद विचरण कर रहे हैं। वर्तमान में बाघों का कुनबा तेजी के साथ संजय टाईगर रिजर्व में बढ़ रहा है। इसी वजह से यहां आने वाले पर्यटकों को काफी आसानी के साथ बाघों का दीदार हो रहा है। यहां आने वाले पर्यटकों में इसी बात को लेकर उत्साह रहता है कि जंगल सफारी के दौरान उन्हें काफी आसानी के साथ बाघों का दीदार हो जाता है। संजय टाईगर रिजर्व बाघों के चलते पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। कई पर्यटक ऐसे हैं जो हर साल यहां बाघों का दीदार करने के लिए आते हैं।
बारिश के चलते बंद हैं सफारी-30 जून के बाद संजय टाईगर रिजर्व में बरसात के चलते पर्यटकों की आवाजाही में प्रतिबंध लग जाने के कारण रिजर्व क्षेत्र में पर्यटकों का आना-जाना रुक गया था। सितंबर के आगाज के साथ पर्यटकों की आवाजाही संजय टाईगर रिजर्व क्षेत्र में फिर से बढऩे लगी है। वर्तमान में मौसम भी बरसात के चलते खुशगवार है। ऐसे में यहां आने वाले पर्यटकों को भी बाघ एवं अन्य दुर्लभ वन्य जीवों का दीदार अच्छे से होता है। यह माना जा रहा है कि अगले महीने से पर्यटकों की संख्या में काफी इजाफा होगा। ऑनलाईन बुकिंग होने के कारण देश के विभिन्न राज्यों के साथ ही विदेशी पर्यटक भी संजय टाईगर रिजर्व का लुत्फ उठाने के लिए काफी प्राथमिकता के साथ आते हैं। इसके लिए व्यापक इंतजाम भी किए गए हैं।



