सांसद ने राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग के विजेताओं को किया पुरस्कृत

छिन्दवाड़ा जबलपुर दर्पण । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश भर में खेलों को अधिक महत्व दिया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि छिपी हुई प्रतिभाओं को अवसर मिल रहा है। फिट इंडिया अभियान के तहत पावर व वेट लिफ्टिंग प्रतियोगिताओं में भी प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए जिला, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन कर रहे है। यह बात सांसद बंटी विवेक साहू ने जिला पावर लिफ्टिंग संघ छिन्दवाड़ा द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता के समापन अवसर पर कही।
इस दौरान सांसद श्री साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में भी खेल गतिविधियों को अधिक महत्व देते हुए लगातार खेल गतिविधियां आयोजित की जा रही है। इससे ग्रामीण स्तर तक छिपी हुई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिल रहा है। छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले में संचालित विभिन्न विकास गतिविधियों में मेरे लिए भी खेल प्राथमिकता में शामिल है।
300 खिलाड़ियां ने लिया भाग
राज्य स्तरीय पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन जिला पावर लिफ्टिंग संघ छिंदवाड़ा द्वारा किया गया। जिसमें इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, सागर, रीवा, उज्जैन, जबलपुर, शहडोल सहित अन्य जिलों के लगभग 300 खिलाड़ियों ने भाग लिया। विजेताओं और उपविजेताओं को शील्ड, मेडल, प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही उक्त प्रतियोगिता के संचालन में अहम भूमिका निभाने वाले विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों एवं निर्णायकों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में यह रहे उपस्थित
पुरस्कार वितरण के अवसर पर भाजपा अलकेश लांबा, पप्पू ठाकुर, शशांक चंदेल, नरेंद्र माहोरे, पावर लिफ्टिंग संख्या अध्यक्ष के आर तिवारी, विकास सिंह, जितेंद्र जैन, बाबू जैन, धर्मेंद्र वर्मा, बलराम यादव सहित खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राकेश चौरसिया व आभार प्रदर्शन बाबू जैन द्वारा किया गया।



