जयंत खदान में चोरों का आतंक इतना कि खुलेआम ट्रैक्टर से कर रहे कोयले की चोरी

सिंगरौली जबलपुर दर्पण । एनसीएल की जयंत खदान में चोरों का आतंक जोरो पर बना हुआ है। हालत ये है कि अब वहां चोरों का गिरोह बाकायदा ट्रैक्टर लेकर खदान में घुस जा रहा है और खुलेआम ट्रैक्टर में कोयला लोड कर चोरी कर रहा है, लेकिन मजाल नहीं कि उसे सुरक्षा विभाग के गार्ड रोक पाए। दरअसल जयंत खदान में चोरों के इस दुस्साहस का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें खदान एरिया में रात के समय एक ट्रैक्टर जाता दिख रहा है और लोग वीडियो में बता रहे हैं कि इस ट्रैक्टर से कोयले की चोरी की जा रही है। इसे लेकर परियोजना से जुड़े सूत्र बता रहे हैं कि ट्रैक्टर के द्वारा कोयले की चोरी का ये वायरल वीडियो जयंत खदान के वेस्ट एरिया का है यह क्षेत्र मेढ़ौली से सटा हुआ है। खदान में कोयले की खुलेआम चोरी के इस दुस्साहस को लेकर सूत्रों का कहना है कि ये खेल सुरक्षा विभाग कुछ गार्ड व खाकीधारी के सिंडिकेट के इशारों पर चल रहा है। इसमें सुरक्षा विभाग के इंस्पेक्टर खुद बिट के जिम्मेदार और पॉइंट ड्यूटी वाले कुछ गार्ड का शामिल होने बताया जा रहा है। इस सिंडिकेट के लोग सीधे चोरों से संपर्क कर लेते है और अपना फायदा तय करके चोरों का चोरी करने की खुलेआम छूट दे देते है। तभी तो चोरी छिपे चोरी करने वाले चोर अब सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा विभाग और खाकी के बीच से ही खुलेआम चोरी करने की हिमाकत कर रहे हैं, इसलिए इन आरोपों को नजरंदाज भी नहीं किया जा सका है।
परियोजना प्रबंधन के सूत्र ये कह रहे :- परियोजना प्रबंधन से जुड़े जिम्मेदार बताते है कि मेढ़ौली तरफ ठिकाना बनाएं चोरों के द्वारा कोयले की चोरी को अंजाम दिया जा रहा है। चोरों को रोकने का सुरक्षा गार्डो ने भी प्रयास किया था, लेकिन ये काफी अधिक संख्या में आकर गार्डों से विवाद व मारपीट करने पर उतारू हो जाते है कि इसके आगे गार्डों की एक नही चलती। इससे यह प्रतीत होता है कि चोरों का न तो सुरक्षा गार्डो और न ही पुलिस का कोई खौफ है। इसके अलावा इससे परियोजना खदान की सुरक्षा पर भी सवालों के घेरे में आ रही हैं। जिम्मेदार ये भी बताते है कि मामले को लेकर मोरवा थाने में शिकायत कर पुलिस से कार्यवाही की मांग की गई है।



