बकरी के लेनदेन पर खूनी विवाद

कटनी जबलपुर दर्पण । बरही थाना क्षेत्र के करोन्दी खुर्द गांव में बकरी के मामूली लेन-देन के विवाद ने सनसनीखेज रूप ले लिया। एक पड़ोसी ने कुल्हाड़ी से हमला कर एक युवक का आधा कान काट दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने जंगल से दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है और उसे जेल भेज दिया गया है।
बकरी के विवाद ने लिया खौफनाक मोड़
जानकारी के अनुसार, घटना करोन्दी खुर्द में हुई, जहां राजेश कुमार रजक का अपने पड़ोसी सुरेश उर्फ बऊरी गडारी से बकरी के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर आरोपी सुरेश ने राजेश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में पीड़ित राजेश कुमार रजक का दाहिना कान आधा कटकर अलग हो गया। गंभीर रूप से घायल राजेश लहूलुहान हालत में अस्पताल पहुंचे, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने जंगल से दबोचा आरोपी
पीड़ित की शिकायत पर थाना बरही में मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार दबिश देने के बाद, पुलिस को सफलता मिली और आरोपी सुरेश उर्फ बऊरी गडारी को ग्राम करोन्दी खुर्द के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया है।



