कलयुगी मां की करतूत कैमरे में कैद, झाड़ियों में फेंका नवजात शिशु

टीकमगढ़ जबलपुर दर्पण ।जिला अस्पताल टीकमगढ़ से बेहद शर्मनाक और संवेदनहीन घटना सामने आई है। अस्पताल चौकी के पास झाड़ियों में एक नवजात शिशु को फेंक दिया गया। पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के अनुसार, किसी व्यक्ति द्वारा डिलीवरी के तुरंत बाद नवजात को झाड़ियों में फेंक दिया गया और मौके से भाग गया। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि डिलीवरी कहां हुई थी — अस्पताल में या बाहर किसी अन्य स्थान पर।
अस्पताल परिसर में खड़े एम्बुलेंस संचालक नागेंद्र दाऊ और कुछ अन्य लोगों ने जब बच्चे की रोने की आवाज सुनी, तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। झाड़ियों में पड़े बच्चे को निकालकर उन्होंने तत्काल जिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा शिशु का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने इस अमानवीय घटना की कड़ी निंदा करते हुए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।



