पोखरा में मिला युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक और संदिग्ध मामला सामने आया है। ग्राम छुहिया निवासी 21 वर्षीय संदीप साहू जो कि बीते 14 अक्टूबर की शाम से लापता थे, उनका शव आज 18 अक्टूबर की सुबह सारो पोखरा (बंधा) में संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है।
ग्रामीणों ने सुबह पोखरा में एक शव देखा और तुरंत इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। अभी तक मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों ने इस मामले को सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतक के पिता राजमणि साहू ने कहा कि कहीं न कहीं इसमें बड़ी गड़बड़ी है, पुलिस को गहराई से जांच करनी चाहिए यह कोई हादसा नहीं, हत्या है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पीएम उपरांत परिजनों को सौंपा शव– कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुहिया निवासी 21 वर्षीय संदीप साहू पिता राजमणि साहू का शव पोस्ट मार्टम उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। उधर परिजनों ने सिटी कोतवाली पुलिस में हत्या की आशंका की शिकायत दर्ज कराते हुए शीघ्र जांच कर कार्यवाही की मांग उठाई है। कोतवाली पुलिस ने परिजनों के द्वारा की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।



