बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के ग्राम तेंदुआ में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुबरी निवासी पप्पू विश्वकर्मा के पुत्र अपनी बाइक से कहीं जा रहे थे, तभी अचानक सामने से आ रही एक बोलेरो वाहन के चालक ने तेज रफ्तार में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, उसके पैर में फ्रैक्चर आने की जानकारी मिली है।
हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन को लेकर मौके से भाग खड़ा हुआ। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल युवक को सड़क किनारे से हटाया और सहायता के लिए लोगों को बुलाया। इस बीच कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह वहां से निकल रहे थे। उन्होंने देखा कि सड़क किनारे भीड़ जमा है तत्काल अपने वाहन को खड़ा कराया और देखा कि एक युवक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। उन्होंने तत्काल बिना देर किए उसे एक गुजरती कार की मदद से जिला अस्पताल सीधी भेजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी लगते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल सीधी भेजा गया, जहां चिकित्सक उसका उपचार कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि युवक की स्थिति स्थिर है, लेकिन पैर में गंभीर चोटें आई हैं। इस मामले में अस्पताल चौकी प्रभारी आर.पी. माझी ने जानकारी दी कि एक्सीडेंट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सूचना भेज दी गई है। जल्द ही बोलेरो वाहन और चालक का पता लगाया जाएगा।



