चितरंगी पुलिस की तेज़ कार्रवाई: हत्या का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

सिंगरौली जबलपुर दर्पण । जिले की चितरंगी पुलिस ने अपनी तत्परता और कुशल कार्यशैली का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए हत्या के एक गंभीर मामले का खुलासा कुछ ही घंटों में कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।मामला थाना चितरंगी क्षेत्र के ग्राम मटिहनी पलहवा टोला का है, जहां रामबहादुर बैगा ने शराब के नशे में अपनी पत्नी केशकली बैगा की मारपीट कर हत्या कर दी थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए तत्काल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर तस्दीक की।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंहा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चितरंगी राहुल कुमार सैयाम की सतत निगरानी में दो टीमों का गठन किया गया। एक टीम ने घटना स्थल पर साक्ष्य संकलन का कार्य किया, जबकि दूसरी टीम ने सायबर सेल सिंगरौली के सहयोग से आरोपी की लोकेशन का पता लगाकर कुछ ही घंटों में गिरफ्तारी की कार्रवाई पूरी की।पुलिस की त्वरित कार्यवाही के परिणामस्वरूप आरोपी रामबहादुर बैगा को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।इस सफल अभियान में एसडीओपी चितरंगी राहुल कुमार सैयाम, थाना प्रभारी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उनि. सूर्यपाल सिंह, सउनि. मोहन पनाडिया, आरक्षक शिव कुमार पटेल, मुकेश पाण्डेय, सुभाष पाल, सुदर्शन चौहान, जितेन्द्र तिवारी और बीर प्रताप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।सिंगरौली पुलिस की इस कार्यवाही ने एक बार फिर यह दर्शाया है कि मध्य प्रदेश पुलिस अपराध नियंत्रण और न्यायिक प्रक्रिया में तत्परता के लिए प्रतिबद्ध है। त्वरित कार्रवाई, समन्वय और सटीक जांच से यह स्पष्ट होता है कि सिंगरौली पुलिस प्रशासनिक दक्षता और जनसुरक्षा के क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।



