सीधी के युवक से गुजरात में मारपीट

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के एक युवक से गुजरात में कुछ बदमाशो द्वारा ज्यादतीय किए जाने का मामला सामने आया है, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद समूचे जिले में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में एक व्यक्ति द्वारा चाकू की नोंक पर धमकाया जा रहा है एवं उसके साथ मारपीट की जा रही है। वायरल वीडियो में बदमाशों ने पीड़ित युवक से तलबे भी चटवाए है। इसके दो वीडियो सामने आए हैं, परिवारवालों का आरोप है कि काम के दौरान ‘भोला भाई’ नाम के व्यक्ति ने उसे चाकू की नोंक पर धमकाया और मारपीट भी की। वीडियो सामने आने के बाद पिता गुजरात रवाना हो गए हैं।
गौरतलब हो कि बुधवार सुबह करीब 11 बजे परिवार बहरी थाना पहुंचा। उन्होंने थाना प्रभारी राजेश पांडेय को आवेदन देकर बेटे को खोजने और सकुशल वापस लाने की गुहार लगाई। जिले के नकझर खुर्द गांव का रहने वाले सुधीर पांडेय (26) गुजरात के सूरत मजदूरी करने गया था। पहला वीडियो 4 नवंबर की रात सुधीर के वॉट्सऐप और फेसबुक स्टेटस पर अपलोड हुआ। परिजनों का कहना है कि वीडियो सामने आने के बाद से उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ है उससे संपर्क नहीं हो पा रहा। उधर इस मामले की जानकारी मिलने पर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष राकेश दुबे ने जिला प्रशासन से सकुशल युवक को घर लाने की मांग उठाई है।
युवक से गाली-गलौज और मारपीट
पहले वीडियो में सुधीर डरा हुआ दिख रहा है। वह बार-बार कह रहा है, “भोला भाई मुझे माफ कर दो… अब मैं कभी सूरत नहीं आऊंगा!” वीडियो में सामने मौजूद युवक उसे धमकी देते हुए सुनाई दे रहा है कि यदि उसकी बात नहीं मानी गई, तो उसे चाकू से मार दिया जाएगा। उसके हाथ में चाकू भी नजर आ रहा है। वीडियो में आरोपी द्वारा सुधीर के चेहरे पर थप्पड़ मारते और उसके बाल खींचते हुए भी दिख रहा है। चाकू की नोंक पर धमकाते हुए भी दिख रहा है। वहीं दूसरे वीडियो में युवक बैठा हुआ दिख रहा है। वह सुधीर से अपने पैर के तलवे चटवाने को कहता है। सुधीर उसके कहने पर अपनी जीभ से तलवे चाटता है। इस दौरान युवक गाली-गलौज भी करता है। वीडियो में सुधीर का चेहरा भी सूजा हुआ दिख रहा है।
पिता ने जताई अनहोनी की आशंका
इस घटना की जानकारी मिलने पर सुधीर के पिता महेश पांडेय ने बताया कि उनका बेटा सूरत की एक कंपनी में कार्यरत था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य है। उनकी मां कमला पांडेय नेत्रहीन हैं। पिता ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वीडियो देखने के बाद से हम बहुत चिंतित हैं। उसका नंबर नहीं मिल रहा है और न ही कोई भी जानकारी मिल पा रही है। हमें किसी अनहोनी की आशंका सता रही है।
पुलिस ने दिया मदद का आश्वासन
सुधीर के पिता द्वारा इस संबंध में पुलिस से संपर्क जानकारी दी गई है, थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि परिवार की शिकायत और वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित वीडियो दूसरे राज्य (गुजरात) का प्रतीत होता है, इसलिए वरिष्ठ अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।



