चित्रकूट में भैंसों से भरा ट्रक पलटा, 10 की मौतः
सतना जबलपुर दर्पण । चित्रकूट थाना क्षेत्र के अंतर्गत सतना मार्ग पर स्थित बगदरा घाटी में बुधवार तड़के लगभग चार बजे एक ट्रक पलट गया। हादसे में 10 भैंसों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अवैध रूप से पशुओं को ले जा रहे एक ट्रक के
अनियंत्रित होकर पलटने के कारण हुआ। हादसे के बाद ट्रक चालक और पशु व्यापारी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक में 57 से ज्यादा भैंसें और पड़वे थे जानकारी के अनुसार, यह ट्रक हरियाणा से आ रहा था और इसमें करीब 57 से अधिक भैंसें और पड़वे लदे हुए थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक के पलटते ही कई पशु गंभीर रूप से घायल हो गए और लगभग 10 की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से जानवरों को निकाला
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। चित्रकूट थाना प्रभारी डीआर शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से फंसे हुए जानवरों को निकालने का काम शुरू कराया।
घंटों तक नहीं पहुंचे डॉक्टर, तड़पते रहे घायल पशु
हालांकि, हादसे के बाद ट्रक चालक और पशु व्यापारी मौके से फरार हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि कई पशु गंभीर रूप से घायल थे, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी कोई पशु चिकित्सक या प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे घायल पशुओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी।
लोगों का आरोप- लंबे समय से हो रही अवैध
तस्करी
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस मार्ग से उत्तर प्रदेश के लिए अवैध पशु परिवहन का सिलसिला लंबे समय से जारी है, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।



