सामूहिक दुष्कर्म के इनामी मुख्य आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार

सीधी जबलपुर दर्पण । जमोड़ी पुलिस ने आपरेशन ट्रैप के तहत सामूहिक दुष्कर्म के इनामी मुख्य आरोपी सहित बाल अपचारी को टीम की विशेष मुस्तैदी से दो राज्यों से गरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के सशक्त निर्देशन में सीधी पुलिस ने एक बड़ी और अनुकरणीय सफलता हासिल की है। जमोड़ी थाना पुलिस की विशेष टीम ने सामूहिक दुष्कर्म के एक जघन्य मामले में फरार चल रहे इनामी मुख्य आरोपी और एक विधि के प्रतिकूल बालक को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव और उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी जमोड़ी, उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। आरोपियों के लगातार ठिकाने बदलने के बावजूद टीम ने हार नहीं मानी और उनका पीछा किया। जहां भोपाल में पहली दबिश, गुजरात में संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी, उन्नत तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी का समन्वय करते हुए टीम ने अंतत: गुजरात एवं इंदौर से दोनों को हिरासत में लिया। इस चुनौतीपूर्ण और लंबी कार्यवाही को निर्णायक मोड़ देने में उनि दिव्य प्रकाश त्रिपाठी थाना प्रभारी जमोड़ी टीम लीडर के रूप में रहे, प्रधान आरक्षक अवनीश सिंह, आरक्षक केपी सिंह, आरक्षक कृष्ण मुरारी द्विवेदी आदि पुलिस कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि यह गिरफ्तारी सीधी पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमारे पुलिसकर्मियों ने इस जटिल मामले को सुलझाने में असाधारण साहस, धैर्य और तकनीकी दक्षता का प्रदर्शन किया है। अपराधियों को यह स्पष्ट संदेश है कि वे कहीं भी छिप जाएं, सीधी पुलिस उन्हें खोज निकालेगी। गिरफ्तार 10-10 हजार के इनामी मुख्य आरोपी और विधि के प्रतिकूल बालक को आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद क्रमश: न्यायालय और बाल न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।



