उत्तर प्रदेश से लौट रहे श्रमिकों से भरा पिकअप पलटा, एक की मौत

सीधी जबलपुर दर्पण । श्रमिकों को लेकर तेज रफ्तार में आ रही पिकअप अनियंत्रित होकर सडक़ के नीचे पलट गई। हादसे में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं आधा दर्जन लोग घायल हो गये। घायलों में दो को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि अन्य घायलों की प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तप्रदेश से धान की गहाई करके सीधी लौट रहे श्रमिकों से लोड पिकअप आज दोपहर अनियंत्रित होकर पटपरा-सीधी मार्ग के कारूभारत में सडक़ से नीचे नीचे चली गई। पिकअप के पलटते ही श्रमिकों की चीख पुकार मच गई। वहां से गुजर रहे लोगों ने पिकअप में फंसे श्रमिकों को बाहर निकाला। सूचना पाकर मौके पर कोतवाली पुलिस एवं एम्बुलेंश पहुंची। एम्बुलेंश में मृतक श्रमिक कलुइया कोल पति चैता कोल उम्र 25 वर्ष निवासी भमरहा के साथ आधा दर्जन चोटिल श्रमिकों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने परीक्षण के पश्चात कलुइया कोल को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल श्रमिक छोटू कोल पिता रामकृपाल कोल उम्र 50 वर्ष तथा छोटकी कोल पति सुरेश कोल उम्र 45 वर्ष दोनो निवासी भमरहा को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। अन्य घायल श्रमिकों को प्राथमिक उपचार के पश्चात छुट्टी दे दी गई है। कोतवाली पुलिस द्वारा घटना की विवेचना शुरू की गई है।



