बेकाबू बाइक नदी में गिरी, युवक घायल

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के मझौली थाना अंतर्गत तिलवारी के पास आज सुबह एक सडक़ हादसे में बेकाबू बाइक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हादसे के बाद घायल युवक को 108 एंबूलेंश से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मझौली पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के पश्चात घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मुड़हेरिया निवासी अनिल कुमार यादव उम्र 30 वर्ष की बेकाबू बाइक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। जिससे वे घायल हो गए। हादसे के वक्त अनिल यादव अपनी बुआ के यहां निमंत्रण में शामिल होने सीधी जा रहे थे। सुबह करीब 7 बजे तिलवारी मोड़ के पास अचानक सडक़ पर बकरियों का झुंड आ गया। झुंड को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक बेकाबू होकर पास की नदी में जा गिरी। हादसे में अनिल यादव के मुंह, हाथ, सीने और सिर पर गंभीर चोटें आई। ग्रामीणों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस कर्मियों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए मझौली अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया। जिला अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि घायल युवक को गंभीर अवस्था में भर्ती किया गया है। उन्हें आंतरिक रक्तस्राव और मुंह पर गहरी चोटें आई हैं। मरीज को ऑब्जर्वेशन में रखा गया है और उनकी लगातार निगरानी की जा रही है। वह अभी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।



