उमरियापान में भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव

उमरियापान जबलपुर दर्पण । भगवान श्रीराम के परम भक्त अंजनी पुत्र पवनसुत हनुमान जी का जन्मोत्सव पर्व उमरियापान सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया । पूरे क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा और सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, अखंड रामायण पाठ एवं भंडारे जैसे विविध आयोजन होते रहे । इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर हनुमान जी के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया ।
उमरियापान स्थित प्राचीन बावली हनुमान मंदिर में विधि-विधान के साथ पवनपुत्र हनुमान जी का पूजन, अभिषेक एवं महाआरती की गई । इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया । मंदिर परिसर में “जय श्रीराम” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से गूंजता रहा ।
एमपीईबी परिसर स्थित हनुमान मंदिर में पुजारी अश्विनी शुक्ला के नेतृत्व में विशेष पूजा-अर्चना एवं महाआरती का आयोजन किया गया । वहीं झंडा चौक स्थित हनुमान मंदिर में अखंड रामायण पाठ, हवन-पूजन एवं भंडारे का आयोजन किया गया ।
कटरा बाजार स्थित हनुमान मंदिर में भी केसरी नंदन का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया । यहां महाआरती के बाद भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया । ब्यौहार मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया गया । सरपंच अटल ब्यौहार, राजेश ब्यौहार, रामजी ब्यौहार, आदित्य ब्यौहार एवं ऋषभ ब्यौहार के सहयोग से अखंड मानस पाठ एवं महाआरती के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर प्रसाद ग्रहण किया ।
भरभरा आश्रम में संत बनवारी दास महाराज के सानिध्य में श्री हनुमत भजनानंद स्वामी का विशेष पूजन एवं आरती की गई । भक्तों ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया । वहीं हरदी कुटी आश्रम में संत कौशल्या दास महाराज के सानिध्य में पवनपुत्र हनुमान की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी ।
धर्मशाला हनुमान मंदिर एवं ग्राम पचपेड़ी स्थित हनुमान मंदिर में भी जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया । यहां विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया ।
उमरियापान क्षेत्र में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिरों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड, भजन-कीर्तन और धार्मिक कार्यक्रमों की गूंज दिनभर सुनाई देती रही । श्रद्धालुओं भगवान हनुमान की भक्ति में लीन नजर आया ।



