हाईकोर्ट परिसर में खड़ी बाइक में लगी आग, मचा हड़कंप

जबलपुर दर्पण । मध्य प्रदेश हाईकोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब परिसर में खड़ी एक बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक से धुआं उठने लगा और आग की लपटें तेज हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को हटाया और आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि बाइक में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
घटना के बाद हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल संबंधित विभाग द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।



