गन्ना किसानों को मिलेगी खाद, जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के प्रयास रंग लाए

सतीश चौरसिया उमरियापान । सिलौंडी क्षेत्र के गन्ना किसान लंबे समय से यूरिया एवं डीएपी खाद की कमी से परेशान थे । अब किसानों की समस्या दूर होगी । जिला पंचायत सदस्य एवं सहकारिता विभाग की सभापति कविता पंकज राय के प्रयासों से गन्ना किसानों को खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित हुई है ।
बताया जा रहा है कि सिलौंडी क्षेत्र में बड़ी संख्या में किसान गन्ने की खेती करते हैं, लेकिन बीते कुछ समय से उन्हें पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पा रही थी । खाद की कमी के कारण किसानों को खेती करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था । कई किसानों ने बताया कि समय पर यूरिया और डीएपी नहीं मिलने से फसल की वृद्धि प्रभावित हो रही थी और उत्पादन घटने की आशंका बढ़ गई थी । परेशान किसानों ने अपनी समस्या जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय के सामने रखी और शीघ्र समाधान की मांग की ।
कविता पंकज राय ने किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए भोपाल स्तर पर संबंधित अधिकारियों एवं सहकारिता विभाग के कर्मचारियों से चर्चा की । लगातार प्रयास और पहल के बाद गन्ना किसानों को भी खाद उपलब्ध कराने का रास्ता साफ हो गया । अब किसानों को यूरिया और डीएपी मिलने लगेगी, जिससे गन्ना उत्पादन में वृद्धि होने की उम्मीद जताई जा रही है ।
खाद मिलने की जानकारी सामने आते ही क्षेत्र के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई । किसानों ने शाम को सिलौंडी पहुंचकर जिला पंचायत सदस्य कविता पंकज राय का भव्य स्वागत किया और उनका आभार व्यक्त किया । किसानों ने कहा कि समय पर खाद मिलने से खेती करना आसान होगा तथा गन्ने की फसल बेहतर होगी । किसानों ने बताया कि इससे आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी और उत्पादन में बढ़ोतरी से उन्हें लाभ मिलेगा ।
इस अवसर पर सरपंच श्रीमती पंचों बर्मन, कमलेश हल्दकार, रवि हल्दकार, अरविंद राय, रामनरेश, प्रदीप हल्दकार, परमानंद हल्दकार, प्रह्लाद सेन, आनंदी लाल हल्दकार, गोकुल हल्दकार, पंकज हल्दकार, वीरेंद्र कोल सहित बड़ी संख्या में गन्ना किसान उपस्थित रहे । सभी किसानों ने एक स्वर में कविता पंकज राय के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया ।



