सामाजिक न्याय विभाग की लोकल लेवल कमेटी में बसंत चौरसिया बने सदस्य

सतीश चौरसिया उमरियापान । कटनी जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप राव द्वारा विभिन्न विभागीय समितियों में जनप्रतिनिधियों को सदस्य के रूप में मनोनीत किए गए हैं । इसी क्रम में सामाजिक न्याय एवं निःशक्तजन कल्याण विभाग की लोकल लेवल कमेटी में उमरियापान निवासी एवं पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष बसंत चौरसिया को सदस्य नियुक्त किया गया है । उनकी नियुक्ति की खबर सामने आते ही समाजजनों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाइयां दीं ।
बताया जा रहा है कि लोकल लेवल कमेटी का कार्य दिव्यांगजनों एवं जरूरतमंद लोगों से जुड़े मामलों में सहयोग, मार्गदर्शन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाना होता है । बसंत चौरसिया सामाजिक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रहने और संगठनात्मक अनुभव के कारण उनसे समिति में सक्रिय भूमिका निभाने की उम्मीद जताई जा रही है ।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि बसंत चौरसिया हमेशा समाजहित के कार्यों में अग्रणी रहे हैं तथा आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है । उनके समिति में शामिल होने से दिव्यांगजन कल्याण से जुड़ी योजनाओं को जमीनी स्तर पर बेहतर तरीके से लाभार्थियों तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी ।
नियुक्ति के बाद बसंत चौरसिया ने प्रभारी मंत्री एवं पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करेंगे । उन्होंने कहा कि समिति के माध्यम से दिव्यांगजनों, जरूरतमंदों एवं पात्र हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान और शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे ।



