शहर में निर्माण कार्यों पर उठे सवाल, पावर ब्लॉक्स लगाने में अनियमितताओं का आरोप

जबलपुर दर्पण । शहर में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर स्थानीय नागरिकों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर बिना उचित योजना के अंधाधुंध पावर ब्लॉक्स लगाए जा रहे हैं, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है। नागरिकों के अनुसार गंजिपुरा मुख्य मार्ग पर हाल ही में लगाए गए पावर ब्लॉक्स की गुणवत्ता और उपयोगिता पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जहां सड़क की वास्तविक मरम्मत की जरूरत थी, वहां ध्यान नहीं दिया गया और केवल पावर ब्लॉक्स लगाकर काम पूरा दिखा दिया गया।इसी तरह नया मोहल्ला क्षेत्र में भी पावर ब्लॉक्स अव्यवस्थित तरीके से पड़े हुए नजर आ रहे हैं। कुछ ब्लॉक्स नालियों में गिर गए हैं, जबकि कई स्थानों पर सामग्री खुले में पड़ी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से न केवल संसाधनों की बर्बादी हो रही है बल्कि नगर विकास कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठ रहे हैं।नागरिकों ने आरोप लगाया है कि नगर निगम अक्सर कर्मचारियों की कमी और बजट की समस्या का हवाला देता है, लेकिन जमीनी स्तर पर निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और निगरानी की कमी साफ दिखाई देती है।लोगों ने मांग की है कि उच्च अधिकारी निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करें, ताकि योजनाओं का सही क्रियान्वयन हो सके और सरकारी धन की बर्बादी रोकी जा सके।



