जबलपुर से पुणे के लिए शीघ्र शुरू होगी सीधी उड़ान

जबलपुर दर्पण। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद आशीष दुबे ने केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री किंजारापु राममोहन नायडू से 28 नवंबर को नई दिल्ली में मुलाकात की, जिसमें जबलपुर से विभिन्न शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू करने की अपील की। इस बातचीत के दौरान मंत्री श्री नायडू ने सांसद को आश्वस्त किया कि जल्द ही जबलपुर से पुणे के बीच सीधी उड़ान शुरू की जाएगी। इसके अलावा, मंत्री ने यह भी कहा कि वह स्वयं जबलपुर आकर इस उड़ान को हरी झंडी दिखाएंगे।
सांसद श्री दुबे ने केंद्रीय नागरिक विमानन मंत्री को एक पत्र सौंपा, जिसमें जबलपुर से पुणे, कोलकाता, अहमदाबाद और चेन्नई के लिए हवाई सेवा शुरू करने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि जबलपुर से देश के अन्य महत्वपूर्ण नगरों के लिए हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार करने की अत्यधिक आवश्यकता है।
सांसद ने श्री नायडू को यह भी बताया कि जबलपुर से पहले कई प्रमुख शहरों के लिए हवाई सेवा उपलब्ध थी, लेकिन हाल के महीनों में इन उड़ानों की संख्या में कमी आई है। इस कारण से शहर के नागरिकों को असुविधा हो रही है। उन्होंने कहा कि पुणे से सीधी उड़ान की शुरुआत विद्यार्थियों और उद्यमियों के लिए काफी फायदेमंद होगी, साथ ही मुम्बई जाने के लिए पुणे एक वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगा।
सांसद ने यह भी बताया कि जबलपुर भौगोलिक रूप से भारत के केंद्र में स्थित है और यहां बड़े रक्षा संस्थान, शिक्षण संस्थान, और प्रसिद्ध राष्ट्रीय उद्यान जैसे कान्हा, बांधवगढ़, पेंच, और पन्ना के निकट होने के कारण पर्यटन की दृष्टि से भी शहर महत्वपूर्ण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बेहतर फ्लाइट कनेक्टिविटी से जबलपुर के समग्र विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
केंद्रीय विमानन मंत्री श्री नायडू ने इस आग्रह को ध्यान से सुना और आश्वासन दिया कि जल्द ही अन्य नगरों के लिए जबलपुर से उड़ानें शुरू करने के बारे में निर्णय लिया जाएगा।



