अनुपस्थित 6 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त

छतरपुर । मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमर बहादुर सिंह ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे 6 शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए है। ये सभी शिक्षक कई बार सूचना देने के बाद भी अपने विद्यालयों में उपस्थित नहीं हुए थे। जिला शिक्षा अधिकारी एसके शर्मा ने बताया कि श्रीमती नीतू खरे संविदा शिक्षक श्रेणी 2 शासकीय माध्यमिक शाला बन्छौरा तथा श्रीमती रचना भार्गव संविदा शिक्षक श्रेणी 2 शासकीय माध्यमिक शाला पुतरया गत 13 वर्षों से अनुपस्थित चल रहीं थीं। श्रीमती सीमा दोहरे संविदा शिक्षक श्रेणी 2 शासकीय माध्यमिक शाला गुलाट 9 वर्ष से, प्रजेश प्रताप सिंह अहिरवार संविदा शिक्षक श्रेणी 3 शासकीय प्राथमिक शाला लखनगुवां तथा श्रीमती कीर्ति सक्सेना संविदा शिक्षक श्रेणी 3 शासकीय प्राथमिक शाला मुंगवारी 6-6 वर्ष से अनुपस्थित थे। श्रीमती विनीता जैन संविदा शिक्षक श्रेणी 3 शासकीय प्राथमिक शाला श्यामाझोर गत 4 वर्ष से अपनी शाला से अनुपस्थित थी।


