सड़क मार्ग पड़ा अधूरा,ठेकेदार पूरा कराने नहीं कर रहा पहल

सड़क मार्ग में फैली नुकीली गिट्टियां से पैदल चलना हुआ मुश्किल।
डिंडौरी/शाहपुर दर्पण। जिले के डिंडोरी जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत मुड़िया कला में तिराहा से कुर्क वारा रयैत तक का मार्ग अधूरा है,पूरे मार्ग पर नुकीली गिट्टियां निकल आई है, जिससे मार्ग पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। गौरतलब है कि डिंडोरी आदिवासी बाहुल्य जिला है, जहां आए दिन विकास कार्यों के लिए परियोजनाओं प्रारंभ किए जाते हैं,लेकिन पंचायत के जिम्मेदार सहित प्रशासन के अधिकारी मिलीभगत करके परियोजनाओं में मनमानी करते हैं। बताया गया कि ग्राम पंचायत मुड़िया कला तिराहा से कुर्क वारा रैयत तक मुख्यमंत्री ग्रेवल रोड का डामरीकरण किया जाना प्रस्तावित था, कार्य का प्रारंभ वर्ष 2019 में किया गया,कार्य को पूर्ण करने की तिथि 10 दिसम्बर 2020 निर्धारित की गई, बावजूद ठेकेदार व प्रशासन की लापरवाही के चलते आज तक सड़क मार्ग का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है । स्थानीय ग्रामीणों ने आरोप लगाया गया कि ठेकेदार के द्वारा मार्ग को पूरा बताकर राशि का आहरण कर लिया गया है, जबकि जमीनी स्तर पर कार्य अधूरा पड़ा हुआ है , जिससे वाहन चालकों सहित राहगीरों को आने जाने में काफी परेशानी होती हैं, जर्जर मार्ग से आए दिन दुर्घटना होना भी सामने आ रहे हैं, बावजूद शासन प्रशासन व ठेकेदार द्वारा इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने अधूरे पड़े मार्ग को जल्द से जल्द पूर्ण कराएं जाने की मांग की गई है।



