जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में नहीं किसानों के लिए पर्याप्त सुविधाएं

धान की उपज लेकर पहुंचे किसान स्वयं कर रहे धान की भराई।
नंदकिशोर ठाकुर डिंडोरी ब्यूरो। जिले भर के कई धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था हावी है, जहां शासन के निर्देशानुसार व्यवस्था नहीं कराई गई है, जिससे अपनी अपनी उपज लेकर धान खरीदी केंद्र पहुंचे किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बताया गया कि जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में पीने की पानी तक की व्यवस्था जिम्मेदारों द्वारा नहीं कराई गई ,जबकि व्यवस्थाओं के नाम पर खरीदी प्रभारी पैसों की आहरण मनमानी पूर्व करते हैं, जिम्मेदारों द्वारा ज़मीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नाममात्र के लिए की जाती है। गौरतलब है कि शासन व विभाग द्वारा किसानों को सुविधाएं उपलब्ध करानें के तमाम प्रयास करती है, बावजूद ज़मीनी स्तर पर धान खरीदी केंद्रों में नाममात्र के लिए ही किसानों के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
- किसान ही करते हैं धान की भराई।
जिले में खरीदी केंद्रों में मनमानी करने के मामले में जब जबलपुर दर्पण संवाददाता ने पड़ताल की तो पता चला कि जिले के अधिकतर धान खरीदी केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं ही नहीं है, जिले के अधिकतर धान केंद्रों में किसानों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था भी नहीं कराई गई और ना ही किसानों के लिए बैठने उठने की कोई उचित व्यवस्था जिम्मेदारों द्वारा नहीं कराई गई है। अधिकतर धान खरीदी केंद्रों में किसान स्वयं ही अपनी धान की उपज की भराई,तौलाई आदि करते नजर आ रहे हैं। जिले के अधिकतर धान खरीदी केंद्रों में किसानों के लिए पर्याप्त सुविधाएं न होना कई सवाल खड़ा कर रहा है। गौरतलब है कि पिछले दिनों धान खरीदी केंद्र खरगहना में एक किसान की मौत हो गई थी, मामला सामने आने के बाद जिले के धान खरीदी केंद्रों में किसानों को दी जाने वाली सुविधाओं पर खरीदी केंद्रों में व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे थे।



