अर्बन पखवाड़ा आयोजित कर पात्र हितग्राहियों को दिलाएं योजनाओं का लाभ

कलेक्टर ने की नगरीय निकायों द्वारा संचालित गतिविधियों की समीक्षा
मण्डला। नगरीय निकायों द्वारा संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया सभी नगरीय निकायों में अर्बन पखवाड़ा संचालित कर हितग्राहियों को पात्रतानुसार शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। प्रत्येक परिवार, प्रत्येक व्यक्ति की जानकारी एकत्र करें तथा विश्लेषण करें कि वह परिवार अथवा व्यक्ति शासन की किन-किन योजनाओं से लाभ लेने की पात्रता रखता है। यदि उसे अब तक लाभ नहीं मिला है तो पखवाड़े के दौरान उसे नियमानुसार लाभान्वित करना सुनिश्चित किया जाए। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में परियोजना अधिकारी शहरी विकास आरके कुर्वेती सहित नगर पालिका अधिकारी तथा संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जनसामान्य से जुड़े विषयों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ निराकृत किया जाए। सुनिश्चित किया जाए कि पेंशन की पात्रता रखने वाले हितग्राहियों को निर्धारित समयावधि में पेंशन प्रदान की जाए। जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र समय सीमा में जारी किए जाएं। लोकसेवा केन्द्र से समन्वय कर पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की कार्यवाही की जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति खाद्यान्न से वंचित न रहे। स्वच्छता अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि व्यवसायिक क्षेत्रों में जुड़वा कूड़ेदान रखें। लोगों को गाड़ियों में ही कचरा डालने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि राजस्व संकलन के लिए सभी निकायों में शिविर आयोजित किए जाएं। लोगों को नियमित टेक्स अदा करने की समझाईश दें। नगरीय क्षेत्र के युवाओं के लिए व्यवसायिक एवं कौशल प्रशिक्षण आयोजित करें। दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र जारी कराएं तथा उनका यूडीआईडी बनवाएं। यदि किसी दिव्यांगजन को उपकरणों की आवश्यकता है तो उसकी जानकारी संबंधित विभाग को दी जाए। कलेक्टर ने स्वच्छताकर्मियों के वैक्सीनेशन के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि 31 जनवरी को होने वाले पल्सपोलियो अभियान के संबंध में कचरा गाड़ियों से अलाउंस कराया जाए। बैठक में सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित रहने तथा सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों में समुचित कार्यवाही नहीं करने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नगर पंचायत बम्हनी के मुख्य नगरपालिका अधिकारी को कारण बताओ जारी करने के निर्देश दिए।
गीले कचरे से बनाएं जैविक खाद
स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि गीले तथा सूखे कचरे का पृथक-पृथक संकलन एवं निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। गीले कचरे के प्रसंस्करण के लिए आवश्यकतानुसार नाडेपिट बनाए जाएं। गीले कचरे से जैविक खाद बनाकर निकाय की आय बढ़ाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने इस संबंध में 15 फरवरी तक कार्ययोजना बनाकर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि नगर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता अभियान को जन अभियान बनाना आवश्यक है। उन्होंने स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के माध्यम से अपील जारी करवाने की भी बात कही।
जनसहयोग से प्राप्त करें पुस्तकें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक नगरीय निकायों में पुस्तकालय संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि ’ज्ञान-दान’ के नाम से जनसामान्य को प्रेरित करते हुए जनसहयोग से पुस्तकें प्राप्त करें। उन्होंने 15 दिवस में पुस्तकालय की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला मुख्यालय की तर्ज पर प्रत्येक नगरीय निकायों में आनंदम संचालित किया जाए।



