बीजेपी मंडल अध्यक्ष पर निजी भूमि में जबरन सड़क बनाने का आरोप

परेशान पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस से की शिकायत।
डिंडोरी। जिले के डिंडोरी भाजपा मंडल अध्यक्ष पर एक किसान ने अपने निजी भूमि पर जबरन सड़क बनाए जाने के साथ साथ गाली-गलौच कर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं, अब मामले को लेकर पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस से शिकायत कर कार्यवाही की मांग की गई है। कोतवाली थाना पहुंचे शिकायतकर्ता रघुवीर गौतम और भीम सिंह ने लिखित आवेदन में बतलाया है कि उनकी जमीन की पटवारी हल्का नंबर 58 कूंड़ा और सिमरिया में स्थित है। जहां पर डिंडोरी भाजपा मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने बगैर किसान की इजाजत और सहमति से किसान की निजी भूमि पर मार्ग निर्माण शुरू करवा दिया है,जिसमें किसानों की जमीन प्रभावित हो रही है बताया जा रहा है कि किसानों की फसल और पेड़ों को भी जेसीबी के माध्यम से नुकसान पहुंचाया गया है। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह ही मार्ग निर्माण बंद करने संबंधी स्थगन आदेश भी जारी किए गए हैं, बावजूद आदेश की अवहेलना कर नियम, कानूनों कि धज्जियां उड़ाई गई। फिलहाल पूरे मामले को लेकर पुलिस कि जांच के बाद ही मामला और स्पष्ट हो सकेगा।



