नगर परिषद पर भेदभाव पूर्वक अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी करने के आरोप

मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर दुकानदारों ने बताई समस्या
डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। नगर परिषद डिंडोरी पर भेदभाव पूर्वक अतिक्रमण हटाने की नोटिस जारी करने के आरोप लग रहे हैं।अब मामले को लेकर कुछ दुकानदारों ने जनसुनवाई में पहुंचकर कलेक्टर से शिकायत की है। बताया गया कि समनापुर तिराहे पर संचालित दुकानदारों ने मामले को लेकर मंगलवार को जनसुनवाई में पहुंचकर नगर परिषद पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर मनमानी व भेदभाव पूर्वक कार्य करने के आरोप लगाए हैं। शिकायत पत्र में उल्लेख किया गया कि संबंधित लोग सभी गरीब तबके से ताल्लुक रखते हैं और जीवन यापन करने के लिए अस्थाई रोजगार कर रहे हैं। निजी जमीन न होने का हवाला देकर व्यापारियों ने समनापुर तिराहे पर अस्थाई टपरी के माध्यम से आजीविका चलाकर परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं।
पत्र में व्यापारियों ने कुछ राजनीतिक व्यक्तियों के इशारे पर नोटिस जारी करने के आरोप भी नगर परिषद पर लगाए हैं। जबकि सभी व्यापारी साप्ताहिक शुल्क भी समय पर जमा कर रहे हैं। बावजूद इसके नगर परिषद द्वारा कुछ दुकानदारों को निशाना बना कर कार्यवाही करने से रोष व्याप्त है। दुकानदारों के मुताबिक उनकी तफरी मार्ग से 50 फीट दूर कृषि फार्म की जमीन पर रखी है ,तब भी नगर परिषद वहां भी हस्तक्षेप कर रही है। दुकानदारों ने टपरी हटाए जाने की स्थिति में दूसरी जगह प्रदाय करने की अपील भी पत्र में की गई है। इसके साथ ही अतिक्रमण हटाओ कार्यवाही सभी दुकानदारों पर करने की मांग की गई है। इस दौरान प्रमोद जैन, कल्लू बग्गा, मियां बर्मन, पंकज यादव, भगत सिंह सहित अन्य दुकानदार मौजूद थे।



