जिले के ऐतिहासिक ऋणमुक्तेश्वर शिव मंदिर में देर शाम तक लगा रहा भक्तों का तांता

श्रद्धा भाव से पूजा पाठ कर हजारों भक्तों ने की भगवान शिव से प्रार्थना।
जिले भर के विभिन्न धार्मिक स्थलों में दिखी लोगों की भीड़।

नंदकिशोर ठाकुर,डिंडोरी ब्यूरो। जिले भर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिले के विभिन्न धार्मिक स्थलों, पर्यटन स्थलों सहित शिवालयों में लोगों की भीड़ भाड़ दिनभर नजर आई, जहां पहुंचने के बाद लोग विधि विधान से पूजा पाठ करते नजर आए। जिला मुख्यालय से लगभग 15 किलोमीटर दूर कुकर्रामठ गांव में स्थित ऐतिहासिक ऋणमुक्तेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही, लोग लंबी-लंबी कतार में लगकर श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए। गौरतलब है कि लॉकडाउन से ही लगभग एक साल से मंदिर की मुख्य गेट में ताला लगा हुआ था,प्रवेश निषेध का सूचना भी बाहरी गेट पर चस्पा कर दिया गया था, जिससे ज्यादातर सैलानी मंदिर नहीं पहुंच रहे थे।अब लॉकडाउन के लगभग एक साल बीतने के बाद ऐतिहासिक ऋणमुक्तेश्वर मंदिर का ताला खोला गया है, जिससे महाशिवरात्रि के मौके पर बड़ी संख्या में दूर-दूर से पहुंचे सैलानी, आसपास के श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचे थे।मान्यता है कि मंदिर में विधि विधान से पूजा पाठ करने से दर्शनार्थियों की मनोकामना पूर्ण होती है एवं व्यक्ति को ऋणों से मुक्ति मिलती है तथा घर में सुख समृद्धि आती हैं।कल गुरुवार को महाशिवरात्रि के मौके पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु ऋणमुक्तेश्वर के शिव मंदिर पहुंचकर विधि विधान से पूजा पाठ कर मन्नते मांगते हुए नजर आए।
- युवा समिति के सदस्यों द्वारा किया गया प्रसाद का वितरण।

बताया गया कि ऋणमुक्तेश्वर मंदिर के पावन स्थल पर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा राम कीर्तन का आयोजन भी कराया जा रहा है,जिसका समापन कल महाशिवरात्रि के मौके पर हवन पूजन के बाद किया गया, समापन के बाद भंडारे का आयोजन भी आयोजकों द्वारा कराया गया। गांव के युवा समिति द्वारा मंदिर के बाहर स्टाल लगाकर प्रसाद का वितरण भी किया गया। स्थानीय जानकर बताते हैं कि मंदिर का अस्तित्व एक बंजारे और श्वान से जुड़ा हुआ है, बताया जाता है श्वान की याद में बंजारे ने मंदिर का निर्माण करवाया था। जहां दूर-दूर से लोग पहुंच कर विधि विधान से पूजा पाठ करते हैं, दूध ,चावल ,शहद, शक्कर ,भांग इत्यादि चढ़ाने पर घरों में सुख समृद्धि का वास होता है और मनोकामना पूर्ण होती है।कल महाशिवरात्रि के मौके पर बड़ी संख्या में जिले भर से लोग पहुंच कर पूजा पाठ करते नजर आए।
- पूर्व कैबिनेट मंत्री ओमकार मरकाम सपरिवार पहुंचे दर्शन करने।
कुकर्रामठ गांव में स्थित जिले के ऐतिहासिक ऋण मुक्तेश्वर शिव मंदिर में मध्य प्रदेश शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री व क्षेत्रीय विधायक ओमकार सिंह मरकाम सपरिवार कुकर्रामठ मंदिर के शिव मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। जहां विधि विधान से श्री मरकाम द्वारा सपरिवार भगवान शिव जी का पूजा पाठ किया गया बाद में बाहर स्टाल लगाकर प्रसाद वितरण कर रहे युवाओं के साथ चर्चा की और प्रसाद पाया। पर्व के दौरान यात्री वाहनों में जमकर ओवरलोडिंग की गई ,क्षमता से ज्यादा सवारियों को भरकर लाया ले जाया गया, जहां दिन भर दुर्घटना का अंदेशा बना रहा।



