संभाग आयुक्त ने ली जिला कलेक्टरों की बैठक

मण्डला. जबलपुर संभाग आयुक्त चंद्रशेखर बोरकर ने जबलपुर संभाग के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों के जिला कलेक्टर की नियमित बैठक ली। वीसी के माध्यम से आयोजित होने वाली इस बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह, अपर कलेक्टर मीना मसराम एवं जिला आपूर्ति अधिकारी ओपी पांडे उपस्थित थे। श्री बोरकर ने कोरोना की जिलेवार स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी कलेक्टर्स को निर्देशित किया कि शीत ऋतु के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि कोरोना की टेस्टिंग लगातार जारी रखें एवं तय लक्ष्य के अनुपात में कोरोना की जांच सुनिश्चित करें। संभाग आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पतालों में बिस्तर खाली होने की स्थिति में प्राथमिकता से कोरोना संक्रमित मरीजों को भर्ती कर उनका इलाज करें। उन्होंने होम आईसोलेशन में रह रहे मरीजों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखते हुए उनके इलाज के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीज जिनके घर होम आईसोलेशन की निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं हो उन्हें अस्पताल में भर्ती कर उनका इलाज कराएं।
श्री बोरकर ने मतदाता सूची की जिलेवार समीक्षा करते हुए अंतिम स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न विभागों को मार्क किए गए पत्रों का जवाब मांगा। आयुक्त ने अनुसूचित जनजाति क्षेत्र में साहूकारी की प्रथा पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि साहूकारी प्रथा के अंतर्गत आदिवासियों एवं अन्य लोगों के साथ किए जाने वाले आर्थिक शोषण पर सभी कलेक्टर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने उपार्जन की स्थिति पर विस्तृत चर्चा करते हुए परिवहन, भण्डारण एवं बारदानों की उपलब्धता से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसानों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी कलेक्टर को निर्देशित किया कि परिवहन एवं भुगतान की स्थिति पर विशेष ध्यान दें।



