इनामी जहरखुरानी आरोपी जीआरपी की गिरफ्त में, यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर करता था चोरी

जबलपुर दर्पण । जीआरपी थाना जबलपुर पुलिस ने रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी करने वाले एक इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी का मोबाइल भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शिवदेव सिंह उर्फ दीपक उर्फ केसारी पिता वासुदेव सिंह, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम कोलना थाना अदलहट जिला मिर्जापुर (उ.प्र.), हाल निवासी मधुवन सोसायटी, चक्रपाणी बसाहत थाना भोसरी जिला पुणे (महाराष्ट्र) है। आरोपी के विरुद्ध जीआरपी थाना जबलपुर में अपराध क्रमांक 855/25 धारा 123, 305(सी), 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज था।
मामले के अनुसार सितंबर 2025 में फरियादी जितेन्द्र साहू निवासी राजपुर जिला दमोह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में नगर उटारी जा रहा था। जबलपुर रेलवे स्टेशन पर आरोपी ने उनसे मेलजोल बढ़ाकर मित्रता कर ली। यात्रा के दौरान आरोपी ने फरियादी एवं उसके जीजा रामप्रसाद को चने में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला दिया, जिससे दोनों बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी उनका मोबाइल एवं 9 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया।
जांच के दौरान पूर्व में जेल मिर्जापुर में निरुद्ध आरोपी अजय कुमार गुप्ता एवं राजेश साहनी से पूछताछ की गई, जिन्होंने अपने साथी एवं गिरोह के सरगना शिवदेव सिंह के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पुणे की मधुवन कॉलोनी में रह रहा है, जिसके बाद टीम भेजकर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एआई प्लस कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 8 हजार रुपये है, जब्त किया है। पूछताछ में आरोपी ने सितंबर माह में ही शक्तिपुंज एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्री नेजाबुद्दीन अंसारी को भी नशीला पदार्थ खिलाकर उसका मोबाइल चोरी करने और मोबाइल के माध्यम से 1 लाख 67 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करने की घटना स्वीकार की है।
पुलिस अब आरोपी से अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ के लिए न्यायालय से रिमांड प्राप्त कर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी पर रेल पुलिस अधीक्षक जबलपुर द्वारा नगद इनाम घोषित किया गया था।
कार्रवाई में जीआरपी थाना जबलपुर प्रभारी संजीवनी राजपूत के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा, अरुण तिवारी, सतेंद्र सिंह तथा आरक्षक रविकांत रजक, परशुराम यादव, गोपाल सिंह एवं ओमप्रकाश बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रेल पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है।


