1008 सैंपल्स की जांच में 05 लोग निकले कोरोना संक्रमित

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण। डिंडौरी जिले में जहां पिछले हफ्तों में प्रतिदिन लगभग 50 से ज्यादा कोरोना मरीज मिल रहे थे, वहीं अब यह संख्या काफी कम हो चुकी है। 01 जून को कोरोना कर्फ्यू खुलने से आज तक 05 दिनों में सिर्फ 20 केस सामने आए हैं, जबकि इस अवधि में 31 व्यक्ति कोरोना से जंग जीतकर सकुशल घर लौट चुके हैं। जिले में शनिवार शाम तक 1008 सैंपल्स की जांच में सिर्फ 05 लोग संक्रमित निकले हैं,वहीं 04 व्यक्तियों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज किया गया है। स्वास्थ्य विभाग के DPM विक्रम सिंह ठाकुर ने बताया कि अभी 219 सैंपल्स की रिपोर्ट आना बाकी है। जिले में एक्टिव कोरोना केस 32 और ऑलटाइम केस 4608 हो गए हैं, अब तक जिला अस्पताल में कोविड केयर सेंटर और होम आइसोलेशन से 4548 मरीजों को छुट्टी दी जा चुकी है। जिले का पॉजिटिविटी रेट 4% से भी नीचे आ गया है। कोरोना जांच के लिए आज स्वास्थ्य विभाग ने 1008 सैंपल्स कलेक्ट किए हैं। संक्रमण की शुरुआत से 05 जून तक जिलेभर के 111741 नागरिकों की जांच की जा चुकी है। वर्तमान में 26 संक्रमित मरीज होम आइसोलेट हैं और 05 लोगों का इलाज जिला अस्पताल व कोविड केयर सेंटर में जारी है। कोरोना की चपेट में आकर अब तक जिले के 28 नागरिक जान भी जा चुकी है।



