धरती आबा बिरसा मुंडा की स्मृति में बनेगा रंगमंच

मण्डला। आदिवासी जननायक स्वतंत्रता क्रांति के अमर शहीद धरती आबा बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि बुधवार को मनाई गई। बिछिया विकासखंड के ग्राम राजो में विधायक नारायण सिंह पट्टा के मुख्य आतिथ्य में ग्राम के युवाओं ने धरती आबा कांतिसूर्य बिरसा मुंडा का तैलयचित्र रखकर माल्यार्पण किया एवं स्वतंत्रता क्रांति में उनके योगदानों पर परिचर्चा की गई। इस अवसर पर विधायक श्री पट्टा ने कहा कि अमर शहीद धरती आबा बिरसा मुंडा ने अपने पराक्रम से ब्रिटिश साम्राज्य की नीवें हिला दी थीं। आदिवासी समाज का एकीकरण करके उन्होंने क्रांति की शुरुआत की थी। उनका पराक्रम इतना था कि ब्रिटिश की पूरी सैन्य टुकड़ी को उनसे लड़ने आना पड़ता था। एक पूरा क्षेत्र उन्होंने ब्रिटिशों के चंगुल से छुड़ाया था। आदिवासी संस्कृति और सभ्यता के लिए उन्होंने अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है। पूरा देश उनका कृतज्ञ है और हमेशा रहेगा। अमर शहीद बिरसा मुंडा की स्मृति में ग्राम राजो में एक रंगमंच की स्वीकृति विधायक द्वारा दी गई और श्रद्घांजलि कार्यक्रम के बाद उसका भूमिपूजन भी किया गया। इस दौरान विधायक श्री पट्टा के साथ शिवशंकर मरावी, भूपेंद्र उइके, कृष्णा सैयाम, सुंदर धुर्वे, महेंद्र मरावी, राजेन्द्र मरावी, घनश्याम सरौते, मुन्ना धुर्वे, सरजू सरौते, रफीक खान, ईश्वर मरावी, हीरा उद्दे आदि उपस्थित रहे।



