संयुक्त मोर्चा के तत्वाधान में नौवें दिन भी जारी रहा कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन हड़ताल

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। जिला मुख्यालय सहित जनपद मुख्यालय में मध्य प्रदेश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग संयुक्त मोर्चा के प्रांतव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल के 9वें दिन भी जारी रहा। न्याय संगत मांगों को लेकर पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, प्रधानमंत्री आवास समन्वय सहित अन्य कर्मियों का हड़ताल जारी है। बताया गया कि मध्यप्रदेश पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त मोर्चा में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। हड़ताल से ग्राम विकास के कार्यों पर भी असर पड़ रहा है,कल 9 वें दिन अर्द्धनग्न होकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया गया, लगातार हड़ताल से ग्रामीण विकास के कार्य ठप्प पड़े हुए हैं, फिलहाल प्रदेश सरकार द्वारा अभी तक कोई कारगर निर्णय नहीं लिया जा सका है। गौरतलब है कि पंचायत सचिव संगठन की मुख्य मांग है कि, प्रदेश के सचिवों को एक अप्रैल 2008 से दिए गए छठवें वेतनमान निर्धारण में सेवा काल की गणना 1 अप्रैल 2008 से की गई है तथा सातवें वेतनमान का लाभ दिलाया जाए। मांगों में प्रदेश में अनुकंपा के लगभग 600 प्रकरण लंबित हैं,उन्हें अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए। समन्वय अधिकारी के समस्त शत-प्रतिशत पदों पर पंचायत सचिवों की पदोन्नति की जाए,स्थाई पेंशन लागू होने तक सेवानिवृत्ति पर पंचायत सचिव को 5 लाख की अनुग्रह राशि दी जाए। संयुक्त हड़ताल में मनरेगा कर्मचारी संगठन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संगठन, ग्राम रोजगार संघ, मध्य प्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन अधिकारी-कर्मचारी संगठन, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण संघ, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण सहित विभिन्न संगठन के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने न्याय संगत मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं।



