लाखों रूपए खर्च के बाद भी ग्रामीणों को नहीं मिल रही कीचड़ भरी रास्तों से निजात

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण ब्यूरो। जिले के जनपद पंचायत डिंडोरी अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ी बिछिया के पोशक ग्राम महावीर टोला में कीचड़ भरे रास्तों से ग्रामीणों को निजात नहीं मिल रही। बताया गया कि लंबे समय से बनी समस्या के बाद शासन प्रशासन द्वारा लाखों रुपए खर्च करके ग्रेवल सड़क का निर्माण कार्य करवाया गया था, निर्माण कार्य का ठेका पंचायत के जिम्मेदारों ने ठेकेदार को दे दिया और जिम्मेदार ठेकेदार ने मिलीभगत करके घटिया स्तर का ग्रेवल रोड़ बना कर तैयार कर दिया। एक तरफ शासन प्रशासन कीचड़ से निजात पाने के लिए ग्रामीण अंचलों की सड़कों में ग्रेवल सड़क का निर्माण कार्य करवा रही है, ताकि अस्थाई तौर पर कीचड़ भरी रास्तों से ग्रामीणों को निजात मिल सके, तो वहीं दूसरी ओर जिम्मेदारों द्वारा ग्रेवल सड़क निर्माण कार्यों में जमकर मनमानी की जा रही है। आरोप है कि ग्रामीण अंचलों में बनाई गई ग्रेवल सड़क मार्ग में कम मात्रा में ही बिजरी गिट्टी डाली गई, साथ ही शासन के दिशानिर्देशों का पालन भी नहीं किया गया यही कारण है कि हल्की बारिश में ही बिछाई गई गिट्टी की परत बह रही है और ग्रामीणों की समस्या जस के तस बनी हुई है। आरोप है कि जिलेभर में हुए अधिकतर ग्रेवल सड़क निर्माण कार्यों में कार्य संबंधी सूचना बोर्ड नहीं लगाए गए हैं, जिससे लोगों को लागत राशि, कार्य की कुल लंबाई चौड़ाई ठेकेदार का नाम सहित अन्य तकनीकी एस्टीमेट के बारे में लोगों को सही व सटीक जानकारियां नहीं मिल पा रही है।



