कुकर्रामठ से निकाली गई वाहन रैली, बुड़रूखी के युवाओं ने किया जोरदार स्वागत

डिंडोरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। राष्ट्रवीर शिरोमणि दुर्गादास राठौर जयंती मनाने को लेकर सजातीय लोगों में काफी उत्साह नजर आया। गांव के युवाओं द्वारा कुकर्रामठ से वाहन रैली निकाली गई जो बुड़रूखी,खाम्हा, कंचनपुर होते हुए वापस गांव पहुंची। बाजार टोला में शारदा मंदिर के सामने दुर्गादास राठौर जी के छाया चित्र में तिलक बंधन व माल्यार्पण कार्यक्रम के बाद दुर्गादास राठौर अमर रहे के जमकर जयकारे लगाए गए। बताया गया कि बुड़रूखी गांव पहुंची वाहन रैली का युवाओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया, जहां वीर दुर्गादास राठौर की प्रतिमा में माल्यार्पण पूजा पाठ के बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया जहां बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण सहित राष्ट्रवीर दुर्गादास राठौर के कार्यकर्ता मौजूद रहे। गौरतलब है कि कल शुक्रवार को वीर दुर्गादास राठौर जयंती के अवसर पर जिले के सभी सजातीय गांवों में कार्यक्रम के आयोजन कराए गए, गांव गांवों में वाहन रैली निकाल कर युवाओं ने उत्साह पूर्वक कार्यक्रम को मनाया, जहां बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, युवा कार्यकर्ता, गांव के वरिष्ठ जन सहित महिलाएं बच्चे व अन्य लोग मौजूद रहे।



