ऑपरेशन मुस्कानः पन्ना पुलिस ने दो नाबालिग बालिकाओं को दस्तयाब कर परिजनों को किया सुपुर्द

दस्तयाब की गई बालिकाओं में एक बालिका 12 वर्ष पूर्व एवं एक 04 वर्ष पूर्व से थी लापता
पन्ना ।पुलिस मुख्यालय भोपाल के आदेशानुसार अपहृत बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है । ऑपरेशन मुस्कान को ध्यान में रखते हुये पुलिस अधीक्षक पन्ना श्री धर्मराज मीना द्वारा पन्ना जिले के समस्त थाना प्रभारियों को अपहृत नाबालिग बालक बालिकाओ की अधिक से अधिक दस्तयाबी हेतु निर्देशित किया गया है । इसी तारतम्य में पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशानुसार, अनु0 अधि0 पुलिस (पवई) श्री अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिमरिया निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गठित की गई । पुलिस टीम द्वारा थाना सिमरिया के अप.क्र. 204/14 एवं अपराध क्रमांक 188/18 की अपहृताओं की दस्तयाबी हेतु अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया एवं पुलिस सायबर सेल टीम पन्ना से जानकारी मँगाई गई । मुखबिर सूचना और पुलिस सायबर सेल पन्ना से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम द्वारा अपराध क्रमांक 188/18 की एवं अपराध क्रमांक 204/14 में अपहृत बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनो के सुपुर्द किया गया है । अपहृताओं के कथनों के अनुसार मामले में किसी भी प्रकार का अपराध घटित होना नहीं पाया गया है । उपरोक्त संपूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी सिमरिया निरीक्षक सुशील कुमार, उनि बी एल पाण्डेय, उप निरीक्षक मनोरमा मौर्य, सउनि विनोद कुमार भलावी, आरक्षक श्याम सिंह एवं साइबर सेल से प्र. आर. नीरज रैकवार, राहुल सिंह बघेल आर. आशीष अवस्थी, धर्मेन्द्र सिंह राजावत, राहुल पाण्डेय की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।


