कमिश्नर और डीआईजी ने दिए कड़े निर्देश

त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने प्रशासन सख्त
कमिश्नर रीवा संभाग बी एस जामोद तथा डीआईजी साकेत प्रकाश पाण्डेय द्वारा आगामी त्यौहारों के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। कमिश्नर रीवा संभाग की जामोद ने कहा कि माह मार्च और अप्रैल त्यौहारों के दृष्टि से महत्वपूर्ण है। होली, ईद, नवरात्रि, रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण त्यौहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दौरान कानून एवं व्यवस्था को बनाए रखने के लिए राजस्व तथा पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण करें। लोगों को त्यौहारों के दौरान सुरक्षित वातावरण देने जिले के प्रमुख स्थानों में फ्लैग मार्च करें और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मनाने की समझाइस दें। कनिश्नर ने कहा कि त्यौहारों के एक-दो दिन पूर्व से ही शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी कड़ी निगरानी रखें। होलिका दहन के लिए चिन्हांकित स्थलों का निरीक्षण कर लें। यह सुनिश्चित करें कि बिजली के तारों के नीचे होलिका दहन नहीं हो। होलिका दहन के लिए हरे पौधो को नुकसान नहीं पहुंचाएं त्यौहारों के दौरान नशा करके हुडदंग करने वालों, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तथा शांति व्यवस्था बिगाडने वालों के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्यवाही करें। होली के एक दिन पूर्व से ही शराब की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखेंगे तथा अवैध शराब एवं मादक पदार्थों की बिक्री पर कड़ाई से रोक लगाएंगे। इस दौरान मिठाई की दुकानों की भी सतत रूप से जांच कर नमूने लिए जाएं। दूषित एवं अमानक खाद्य सामग्री की बिक्री पर कड़ी कार्यवाही की जाए।कमिश्नर ने होली के त्यौहार के दौरान जिला चिकित्सालय सहित जिले के सभी स्वास्थ्य केन्द्रों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। विभिन्न प्रकार की दुर्घटनाओं की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए कमिश्नर ने कहा कि होली के दौरान सभी स्वास्थ्य केन्द्रो की आपात व्यवस्थाओं को सक्रिय रखेंगे। सभी चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ ड्यूटी के दौरान उपस्थित रहेंगे। सभी 108 एम्बुलेंस ड्यूटी में तैनात रहेगी। इसके लिए एम्बुलेंस संचालकों के साथ आवश्यक बैठकें कर लें। दुर्घटना की स्थिति में पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्यवाही करेंगे। सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में घायलों को समुचित उपचार की व्यवस्था कर लें।इसके साथ ही कमिश्नर ने सभी अग्निशमन वाहनों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने त्यौहानों के दौरान साफ-सफाई, सतत विद्युत एवंज ल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



