साईबर अपराध निवारण में जागरूकता हेतु डॉ. दंडोतिया सम्मानित

इंदौर। साईबर क्राइम एक ऐसा विषय है, जो आज डिजिटल युग में हर किसी के लिए चिंता का कारण है। इसके बढ़ते मामलों को देखते हुए जागरूकता और शिक्षा की आवश्यकता की दिशा में कार्य करने के लिए इंदौर पुलिस के जॉबांज अधिकारी एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ़ पुलिस डॉ. राजेश दंडोतिया ने अलग पहचान बनाई है। इसी योगदान के लिए हाल ही में उन्हें ‘स्वदेश के सितारे’ पुरस्कार से बतौर अतिथि महापौर ने सम्मानित किया।
यह सम्मान आपकी कड़ी मेहनत और जागरूकता में योगदान का प्रमाण है। डॉ. दंडोतिया का सम्मान इंदौर के प्रथम नागरिक महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया। यह सम्मान समारोह टाईम्स समूह द्वारा (ईटी नाऊ) के बैनर तले आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं टाईम्स समूह के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
डॉ. दंडोतिया ने साईबर क्राइम जागरूकता के प्रति जो प्रतिबद्धता दिखाई है, वह सचमुच सराहनीय है, क्योंकि उनके द्वारा 500 से अधिक सत्रों में नागरिकों, विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी को साईबर खतरों से बचने के उपाय सुझाए गए हैं। इससे उन्होंने न केवल जानकारी दी, बल्कि साईबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई है। यह कार्यक्रम स्कूलों और कॉलेजों में विशेष रूप से लोकप्रिय रहे हैं। डॉ. दंडोतिया का मानना है, कि जब तक लोग साईबर खतरों के बारे में जागरूक नहीं होंगे, तब तक वे सुरक्षित नहीं रह सकते।