राष्ट्रोन्नति हेतु स्वामी विवेकानंद के बताए मार्ग पर चलें युवा

जबलपुर दर्पण। राष्ट्र के विकास हेतु युवाओं को स्वामी विवेकानंद द्वारा बताए मार्ग का अनुसरण करके ही राष्ट्र का विकास संभव हो सकता है। स्वामी विवेकानंद ने कहा था कि हम थोड़े समय के लिए अन्य देवताओं को चाहे भले ही भूल जाएं परंतु हमें जागृत राष्ट्र देव और भारत माता की आराधना में सदैव तत्पर रहना चाहिए। वास्तव में राष्ट्र आराधना से ही देश और समाज का विकास संभव होगा।उक्त उद्गार भारत रक्षा मंच के राष्ट्रीय संयोजक सूर्यकांत केलकर ने गौतम एकेडमी में प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। प्रांताध्यक्ष डॉ. एच. पी.तिवारी ने इन भावी प्रशासनिक अधिकारियों से समाज के सबसे नीचे पायदान पर खड़े दीन हीनों के उत्थान हेतु कार्य करने की अपील की।संचालक सिद्धार्थ गौतम ने कहा की इस संस्थान में प्रशासनिक सेवाओं की तैयारियों के साथ ही मानवीयता के मार्ग पर चलने की भी सीख दी जाती है।इस अवसर पर प्रांत मंत्री जीवेश पांडे,रामायण प्रसाद चौबे तथा सचिन अवस्थी ने छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का संचालन विमल व्यास ने किया।



