धौहानी विधानसभा में ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता बैठक संपन्न

सीधी जबलपुर दर्पण । संगठन सृजन अभियान एवं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के उठाए जा रहे मुद्दे देश में भाजपा के द्वारा की जा रही वोट चोरी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के मुख्य आतिथ्य पूर्व विधायक तिलकराज सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आनंद सिंह शेर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष श्रीमती कमलेश सिंह के विशिष्ट आतिथ्य एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मझौली अध्यक्ष प्रदीप दीक्षित, अध्यक्ष मड़वास संतोष तिवारी, अध्यक्ष महुआगांव जय सिंह की अध्यक्षता में धौहानी विधानसभा के सभी ब्लॉकों में कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। संगठन सृजन अभियान के तहत पुनः नियुक्त जिला अध्यक्ष ज्ञान सिंह का कार्यकर्ताओं द्वारा जगह जगह बाइक रैली निकालकर नारेबाजी ढोल नगाड़े और फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया।बैठकों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने भव्य स्वागत के लिए आभार जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ता को पूंजी और संगठन को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि संगठन सामूहिक निर्णय से चलते हैं कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर कांग्रेस के लिए कार्य करते हैं इसलिए सबसे महत्वपूर्ण राय उनकी होती है बूथ स्तर पर काम करने वाला कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। उन्होंने आगे कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने का दायित्व हम सब का है आने वाले चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए हम सबको आज से ही कमर कस के गांव-गांव तक भारतीय जनता पार्टी की के कुशासन को जनता तक पहुंचना है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में बिजली पानी और खाद की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है, हमारा अन्नदाता फसल बोने के बाद खाद के लिए दर-दर भटक रहा है कांग्रेस जिला स्तर पर धरना प्रदर्शन करके किसानों की समस्याओं को शासन और प्रशासन के समक्ष रख रही है लेकिन भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों को किसानों का दर्द दिखाई नहीं देता है उनकी संवेदनाएं मर चुकी हैं। गली गली में नशे का कारोबार हो रहा है युवाओं का भविष्य भाजपा की सरकार चौपट करने पर तुली हुई है बिजली की आंख मिचौली किसी से छुपी हुई नहीं है, रोजगार के लिए लोग पलायन करने के लिए मजबूर हैं लेकिन भाजपा के जनप्रतिनिधि सत्ता के नशे में मदमस्त हैं जनता के दुख से उनका कोई सरोकार नहीं है लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता हाथ पर हाथ धरकर बैठने वाला नहीं है हम जनता के हितों की लड़ाई हर स्तर पर लड़ेंगे।बैठक को ब्लॉक अध्यक्षों सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और विश्वास दिलाया कि ब्लॉक स्तर से लेकर के बूथ स्तर तक के संगठन को मजबूत किया जाएगा और जनता के हितों की लड़ाई लड़ने में हमारा कार्यकर्ता पीछे नहीं हटेगा हम आम जनता को न्याय दिला कर रहेंगे। बैठक में ब्लॉक पदाधिकारी, सहयोगी संगठनों प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बूथ पदाधिकारी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता मातृशक्ति युवा साथी और जनसमूह उपस्थित रहे।



