पांढुर्णा जिले में उत्साहपूर्वक शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ गणेश उत्सव एवं विसर्जन

पांढुर्णा जबलपुर दर्पण । पांढुर्णा जिले में गणेश उत्सव का आयोजन इस वर्ष दिनांक 27 अगस्त से 05 सितम्बर तक उल्लास एवं श्रद्धा के साथ सम्पन्न हुआ । जिले के पांढुर्णा एवं सौसर विकासखंड सहित सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों एवं घरों में गणेश जी की प्रतिमाओं की स्थापना की गई ।विसर्जन कार्यक्रम 05 सितम्बर की रात्रि से प्रारंभ होकर देर रात्रि तक चलता रहा। गणेश विसर्जन के दौरान जिले में सौहार्दपूर्ण एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने हेतु दिनांक 03/09/2025 को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी । बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुरूप प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा समुचित व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं ।कलेक्टर पांढुर्णा द्वारा जिले के समस्त अनुभागों के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों की ड्यूटी कार्यपालक दण्डाधिकारी के रूप में लगाई गई थी। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था, शांति एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सतत् निगरानी की ।पुलिस अधीक्षक द्वारा विसर्जन स्थलों पर कानून व्यवस्था, ट्रैफिक नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल नियुक्त किया गया । प्रमुख विसर्जन स्थलों वर्धा नदी पुलिया (बनगांव), राधाकृष्ण वार्ड राधाकृष्ण मंदीर के पास पांढुर्णा, घनपेठ वार्ड ऋषिबाबा कुंड पांढुर्णा, आजाद वार्ड (सद्धाम होटल के पास स्थित कुंड) पांढुर्णा, गोटमार पुलिया पांढुर्णा, सरपा नदी मोहगांव, अण्णभाऊ साठे मंगल भवन के सामने स्थित कुंड सौसर, एवं अन्य विसर्जन स्थल रामाकोना, बोरगांव, पिपलानारायणवार में सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल एवं गोताखोर की तैनाती की गई तथा संवेदनशील मार्गों पर विशेष निगरानी रखी गई । यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग द्वारा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कराया गया । समस्त नियुक्त अधिकारियों द्वारा लगातार गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों का भ्रमण कर शांतिपूर्ण गणेश विसर्जन में सहयोग प्रदान किया ।कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संबंधित विभागों ने समन्वय कर विसर्जन स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, सफाई तथा स्वास्थ्य संबंधी सेवाएँ उपलब्ध कराईं । नगरपालिकाओं द्वारा विसर्जन के बाद स्वच्छता के विशेष प्रबंध किए गए ।कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल गोटमार पुलिया, राधाकृष्ण मंदीर के पास स्वयं उपस्थित होकर विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए ।
प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्था एवं नागरिकों के सहयोग से गणेश विसर्जन कार्यक्रम उत्साह, श्रद्धा एवं सौहार्द के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।



