पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित की गई जनसुनवाई

सिंगरौली जबलपुर दर्पण । पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री की अगुवाई में मंगलवार, 16 सितम्बर 2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए आवेदकों ने अपनी शिकायतें सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं। जनसुनवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रंजन, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते, प्रशिक्षु डीएसपी सुश्री रोशनी कुर्मी, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना दिवेदी, महिला थाना प्रभारी श्रीमती आराधना सिंह परिहार सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक श्री खत्री ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना। कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष प्रकरणों के संबंध में राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। महिला फरियादियों की शिकायतों पर विशेष ध्यान दिया गया। महिला अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा उनकी काउंसलिंग कराई गई तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया। सिंगरौली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वह आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रखेगी।



