थाना प्रभारी समेत 9 पुलिसकर्मी निलंबित

सिवनी जबलपुर दर्पण । पुलिस पर हवाला के 3 करोड़ रुपए लूटने का आरोप लगा है। बंडोल थाना क्षेत्र में 8 अक्टूबर को महाराष्ट्र के एक वाहन से 3 करोड़ रुपए बरामद होने के बाद पुलिस ने पहले तो आरोपियों को धमकाकर भगा दिया, इसके बाद रुपयों की बंदरबांट हुई। जबलपुर आईजी प्रमोद वर्मा ने बंडोल थाना प्रभारी समेत नौ पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया। एएसपी आयुष गुप्ता को जांच सौंपकर 3 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
यह पैसा कटनी से नागपुर जालना निवासी सोहनलाल परमार ले जा रहे थे। सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने बुधवार रात 1 से 2 बजे के बीच कार संख्या एमएच 13 ईके 3430 का पीछा किया। कथित तौर पर कार को पास के जंगल में ले जाकर हवाला की राशि कब्जे में ली गई और कार सवारों को धमकाकर भगा दिया गया। गुरुवार सुबह शिकायत करने वाले दो-तीन लोग कोतवाली पहुंचे। इसके बाद उन्हें एसडीओपी कार्यालय बुलाकर घंटों रोका गया। दिनभर पुलिस अधिकारियों ने मामले पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी। एसडीओपी पूजा पांडेय ने पहले इनकार किया, बाद में जांच कराने की बात कही। सूत्रों के अनुसार, आला अफसरों को सूचना मिलते ही व्यापारी को डेढ़ करोड़ रुपए लौटाए गए, पर तब तक पुलिसकर्मियों का फर्जीवाड़ा सामने आ गया था।
सिवनी की एसडीओपी पूजा पांडे की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। अधिकारियों के अनुसार, उनके कार्यालय में पदस्थ सात पुलिसकर्मी निलंबित किए गए हैं। इसमें एसडीओपी का रीडर, दो गनमैन और ड्राइवर शामिल हैं। सूत्रों का कहना है कि एसडीओपी को पूरे मामले की जानकारी थी। इसी कारण उनके स्टाफ को भी इसमें शामिल किया गया।
एसडीओपी पूजा पांडे के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है। निलंबित कर्मचारियों में बंडोल थाना प्रभारी अर्पित भैरम, एक आरक्षक के अलावा एसडीओपी कार्यालय के 5-6 कर्मचारी और उनका वाहन चालक शामिल है।



