सांसद ने एक मरीज को मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव से दिलाई 50 हजार की आर्थिक सहायता

छिंदवाड़ा जबलपुर दर्पण । सांसद बंटी विवेक साहू द्वारा लगातार आर्थिक रूप से कमजोर गरीब मरीजों की चिंता करते हुए उन्हें आर्थिक सहायता दिलाई जा रही है। इसी क्रम में सांसद श्री साहू की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने अपनी स्वेच्छानुदान निधि से एक मरीज को 50 हजार की सहायता स्वीकृत की है। उक्त राशि स्वीकृत होने पर आर्थिक रूप से कमजोर मरीज का नागपुर के अस्पताल में बेहतर इलाज हो सकेगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों मरीजों के परिजनों ने सांसद बंटी विवेक साहू से मुलाकात करने के दौरान अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इलाज के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की गुहार लगाई थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए सांसद श्री साहू ने तत्काल ही मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव को पत्र प्रेषित कर मरीजों को आर्थिक सहायता दिलाने का निवेदन किया था। जिसके आधार पर मुख्यमंत्री श्री यादव ने अपनी स्वेच्छानुदान निधि से सरोरा निवासी कृष्णा पिता अजबराव टेकनकर को 50 हजार की राशि दी है, इनका इलाज नागपुर के अस्पताल में होगा।
गौरतलब है कि सांसद बंटी विवेक साहू से उनके सांसद कार्यालय एवं जिले के प्रवास के दौरान कई लोगों द्वारा आर्थिक सहायता के लिए निवेदन किया जा रहा है। जिसके आधार पर सांसद श्री साहू द्वारा भी आवेदनों पर तत्काल ही गंभीरता दिखाते हुए लोगों की हर संभव मदद की जा रही है। सांसद श्री साहू के निवेदन पर मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव द्वारा भी सीएम हाउस और मंत्रालय भोपाल भेजे जा रहे आवेदनों पर तत्काल ही कार्यवाही करते हुए आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की जा रही है। सांसद के प्रयास से सहायता राशि मिलने पर बीमारी से पीड़ित मरीज का अस्पताल में इलाज हो सकेगा। आर्थिक सहायता मिलने पर मरीज और उनके परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव और सांसद बंटी विवेक साहू का आभार व्यक्त किया है।



