दीपावली त्यौहार के मद्देनजर जिला कलेक्टर ने जारी किए दिशा-निर्देश

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण न्यूज। दीपावली पर्व के अवसर पर जिले में खुशियों का माहौल है, वहीं कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने नागरिकों से अपील की है कि उत्सव के दौरान सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि दीपावली आनंद और प्रकाश का पर्व है, इसे सुरक्षित और पर्यावरण हितैषी तरीके से मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी सावधानी हमारी खुशियों को दोगुना कर सकती है। दीपावली पर सुरक्षा और स्वच्छता का ध्यान रखते हुए त्योहार को आनंद और हर्षोल्लास के साथ मनाएं। कलेक्टर ने पटाखों से होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नागरिकों से निम्न सावधानियां बरतने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों को पटाखे बड़ों की देखरेख में ही जलाएं। इसी तरह खुले और सुरक्षित स्थान पर ही पटाखे फोड़ें, संकरी गलियों, घर के आंगन या बंद कमरों में पटाखे न जलाएं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि बिजली के तारों, पेट्रोल पंप या वाहनों के पास पटाखे न फोड़ें। सूती कपड़े पहनें और नायलॉन या सिंथेटिक कपड़ों से परहेज़ करें। फटे या बचे हुए पटाखों को दोबारा न जलाएं। पास में पानी की बाल्टी या रेत का पात्र रखें, ताकि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत उपयोग किया जा सके। ध्वनि प्रदूषण और वायु प्रदूषण कम करने वाले ग्रीन पटाखों का उपयोग करें। पटाखे जलाने के बाद कचरे को तुरंत साफ करें, ताकि आग लगने की संभावना न रहे। देर रात तक पटाखे न फोड़ें, निर्धारित समय का पालन करें ताकि दूसरों को असुविधा न हो। इस तरह अवैध रूप से बिकने वाले या अधिक ध्वनि वाले पटाखों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।



