पेड़ से टकराई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल

सीधी जबलपुर दर्पण । जिले के कुसमी थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में कोडार निवासी 35 वर्षीय युवक मुकेश कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। दुआरी मोड़ पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मुकेश के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची।
तत्काल 108 एंबुलेंस बुलाई गई, जिसने घायल मुकेश को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सीधी रेफर कर दिया।
डॉक्टर रत्नेश सिंह ने बताया कि युवक के सिर और सीने में गहरी चोटें आई हैं। वर्तमान में उसका इलाज जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह हादसा सड़क के मोड़ पर वाहन की तेज रफ्तार और अचानक सामने आए गड्ढे से बचने के प्रयास के दौरान हुआ। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।



