खेल से आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का होता है संचार: डॉ. राजेश

सीधी जबलपुर दर्पण । सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित सांसद खेल महोत्सव का आगाज आज सीधी में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक चल रहे इस बड़े आयोजन की श्रृंखला में आज जिले में खेल गतिविधियों की शुरुआत की गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही भव्य मशाल यात्रा, जिसका नेतृत्व सीधी लोकसभा के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने किया। मशाल प्रज्वलित होते ही पूरा वातावरण ऊर्जा से भर गया। यात्रा में क्षेत्र के कई विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। बच्चों के जोश और खेल भावना ने कार्यक्रम को और भी जीवंत बना दिया। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष देव कुमार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनपद पंचायत सीधी के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह परिहार, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष पूनम सोनी एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता तथा कई गणमान्य नागरिक शामिल हुए। सभी ने मिलकर यात्रा को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उनका मानना है कि इस प्रकार के महोत्सव न केवल प्रतिभाओं को मंच देते हैं बल्कि समाज को एकजुट करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं और कहा कि सीधी की युवा शक्ति हर क्षेत्र में नए मुकाम हासिल कर रही है। मशाल यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए विभिन्न स्थानों पर पहुँची, जहाँ लोगों ने तालियों और जयघोष के साथ प्रतिभागियों का स्वागत किया। आयोजन समिति के अनुसार आने वाले दिनों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं के भाग लेने की उम्मीद है। सांसद खेल महोत्सव का यह प्रारंभिक कार्यक्रम सीधी में खेल संस्कृति को नया आयाम देता नजर आ रहा है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी और समाज के सहयोग से यह आयोजन जिले में खेल भावना को और अधिक मजबूत बनाने वाला साबित हो सकता है।



