हथकड़ी पहने चोरों को अपने हाथ से खिला रहा था खैनी-गुटखा तो पुलिस अधीक्षक ने कर दिया सस्पेंड
सतना जबलपुर दर्पण । सतना के सिविल लाइन थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक तीरथ प्रसाद को पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह ने शनिवार को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई हथकड़ी पहने आरोपियों
को खैनी रगड़कर खिलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई है। यह घटना जिला अस्पताल चौकी के बाहर की है, जब पुलिस आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर पहुंची थी।
वायरल वीडियो में प्रधान आरक्षक तीरथ प्रसाद हथकड़ी लगे आरोपियों को अपने हाथों से खैनी रगड़कर देते और गुटखा खिलाते हुए दिखाई दे रहे थे। यह घटना जिला अस्पताल चौकी के बाहर कैमरे में कैद हुई। वीडियो में आरोपी पुलिस की हिरासत में आराम से खैनी-गुटखा खाते हुए नजर आ रहे हैं।
मेडिकल कराने अस्पताल लाए थे जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना पुलिस ने 19 नवंबर को घरों में चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों, विकास विश्वकर्मा और संदीप वंशकार को गिरफ्तार किया था। दोनों को गिरफ्तारी के बाद न्यायालय में पेश करने से पहले पुलिस मेडिकल परीक्षण के लिए जिला
अस्पताल लाई थी। इसी दौरान किसी ने प्रधान आरक्षक का वीडियो बना लिया।
विभाग की किरकिरी के बाद हुई कार्रवाई
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिससे पुलिस विभाग की काफी किरकिरी हुई।
सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वीडियो संज्ञान में लेकर जांच कराई जा रही है और प्रधान आरक्षक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए प्रधान आरक्षक पर तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।



