संविधान निर्माता बाबा साहब को भाजपा सिंगरौली ने याद किया

सिंगरौली जबलपुर दर्पण। भारतीय संविधान के निर्माता और सामाजिक न्याय के अग्रदूत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी सिंगरौली द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा सिंगरौली जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा स्थल पर एकत्रित हुए और माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने “बाबा साहब अमर रहें” के नारों के साथ संविधान, समता, समान अधिकार और शिक्षा के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने वंचित, शोषित और दलित समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का ऐतिहासिक कार्य किया और आज भी उनके विचार सामाजिक परिवर्तन की प्रेरणा देते हैं। उक्त अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष सुंदरलाल शाह, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष दिलीप शाह, नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडे सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



