कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

डिंडोरी,जबलपुर दर्पण न्यूज। जिला कलेक्टर रत्नाकर झा ने शुक्रवार को जनपद पंचायत अमरपुर एवं समनापुर जनपद क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान मुख्यकार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत अमरपुर ए.एस. कुसराम व नायब तहसीलदार अमरपुर नीलम श्रीवास कार्यालय से अनुपस्थित रही। इसी तरह समनापुर जनपद के निरीक्षण के दौरान विकास खंड शिक्षा अधिकारी समनापुर जे.एस. कुसरे अनुपस्थित पाये गए। जिला कलेक्टर ने उक्त तीनों अधिकारियों को दायित्व निर्वहन में लापरवाही पूर्वक कार्यप्रणाली को गंभीरता से लेते हुए, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि कलेक्टर रत्नाकर झा ने कोविड-19 के दौरान सभी अधिकारी-कर्मचारियों को रोजाना उपस्थित रहकर सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन करने आदेश जारी किए थे। उक्त अधिकारियों के द्वारा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के कारण यह कार्यवाही की गई है।



