स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत अभियान

जबलपुर दर्पण। सेंट मेरीज हायर सेकेंडरी स्कूल, व्ही एफ जे, ने प्राचार्य मिनाती एस. चार्ल्स के दिशा निर्देशन में 5 मार्च से 12 मार्च तक स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत के लिए स्वच्छता अभियान मनाया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों को स्वच्छता के महत्व और लाभों से परिचित कर जागरूकता फैलाना था। विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 8 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वच्छ भारत निर्माण की शपथ से किया गया। इस अभियान में अनेक प्रतियोगिताएं शामिल थी जिसमें स्वच्छता पर नारा लेखन, पत्र लेखन और पोस्टर बनाने जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं, जिसमें छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत खेल के मैदान और पार्कों की सफाई से हुई। झाडू और डस्टिंग की सामग्री लेकर सभी ने अपना काम शुरू कर दिया। कुछ छात्रों ने कमरों की सफाई भी की। कूड़े को डस्टबिन में सही तरीके से डाला गया। समापन दिवस पर स्वच्छ भारत मिशन को बढ़ावा देने के लिए छात्रों और शिक्षकों ने एक रैली का आयोजन किया। विभिन्न नारों के साथ जन मानस में स्वच्छता हेतु जागरूकता उत्पन्न की गई साथ ही छात्रों की सक्रिय भागीदारी ने भारत को ‘रोग मुक्त’ बनाने में स्वच्छता के महत्व को दर्शाते हुए अनेक झांकियां प्रदर्शित की गई।



