चावल की गुणवत्ता खराब पाए जाने पर खनूजा राइस मिल को नोटिस जारी करने के निर्देश

डिंडौरी, जबलपुर दर्पण ब्यूरो। कलेक्टर नेहा मारव्या ने आज शुक्रवार को ग्राम पंचायत पड़रिया के शासकीय उचित मूल्य की दुकान पडरिया लैम्पस कुकर्रामठ का औचक निरीक्षण किया, जहां निरीक्षण के दौरान उचित मूल्य की दुकान बंद पाई गई। परन्तु खाद्य निरीक्षक नितिन जयसवाल के द्वारा सेल्समेन को बुलाकर ताला खुलवाया गया, जहां निरीक्षण के दौरान गोदाम में 19 बोरी बंद एवं 8 बोरी खुली पाई गई। बताया गया कि निरीक्षण के दौरान चावल की गुणवत्ता खराब होने के कारण एसडीएम डिंडौरी को जांच कर पंचनामा बनाने के निर्देश दिए। एसडीएम डिंडौरी के द्वारा सेम्पल लिया गया, जिसका जांच के उपरांत सख़्त कार्यवाही की जाएगी। कलेक्टर के पूछने पर खाद्य निरीक्षक नितिन जयसवाल व सेल्समेन ने बताया कि खनूजा राइस मिल के द्वारा सप्लाई किया गया है। जिस पर कलेक्टर ने एसडीएम डिंडौरी को खनूजा राइस मिल के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए, साथ ही जिला प्रबंधक नॉन विभाग, वेयर हाउस प्रबंधक, गोदाम शाखा प्रभारी निगवानी को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एसडीएम की जांच रिपोर्ट आने के उपरांत संबंधित के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। निरीक्षण में तहसीलदार पंकज नयन तिवारी, खाद्य निरीक्षक नितिन जयसवाल, सीईओ जनपद पंचायत समनापुर सीपी साकेत, जनसंपर्क अधिकारी चेतराम अहिरवार सहित अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।


